Raipur News Today: जमीन सौदे में 11.51 करोड़ की ठगी, 3 गिरफ्तार नौ आरोपितों की तलाश
Raipur News Today – राजधानी रायपुर में जमीन सौदे के नाम पर 11 करोड़ 51 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस संगठित ठगी में शामिल नौ अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित का नाम विकास कुमार गोयल है, जो संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं और सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में निवासरत हैं। विकास गोयल ने उद्योग विस्तार के उद्देश्य से बलौदाबाजार जिले में जमीन खरीदने के लिए हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड से संपर्क किया था।
22.347 हेक्टेयर जमीन दिखाकर किया सौदा
शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को हाई-टेक एब्रेसिव्स कंपनी के निदेशकों और प्रॉपर्टी ब्रोकर रोहित कुमार घृतलहरे ने बलौदाबाजार जिले के सिमगा तहसील अंतर्गत ग्राम नेवधा में स्थित करीब 22.347 हेक्टेयर जमीन दिखाई। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर, प्रमोटर और अन्य साझेदारों ने जमीन को पूरी तरह वैध, विवादमुक्त और बिक्री योग्य बताते हुए पीड़ित का भरोसा जीता।
चेक और RTGS से ट्रांसफर किए 11.51 करोड़
आरोपितों के झांसे में आकर संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड ने सेल एग्रीमेंट के बाद अलग-अलग तारीखों में चेक और आरटीजीएस के माध्यम से हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के खाते में कुल 11 करोड़ 51 लाख रुपये एडवांस भुगतान के रूप में ट्रांसफर किए।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
बाद में जब पीड़ित ने जमीन की विधिवत जांच कराई, तो सामने आया कि उक्त जमीन पहले से ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के पास मॉर्गेज है। यह जमीन ग्लोबल हाई-टेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड नामक सिस्टर कंसर्न द्वारा बैंक में गिरवी रखी गई थी। इसके अलावा वर्ष 2019 में डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) ने भी बैंक को इस जमीन से बकाया वसूली का अधिकार दे रखा है।
न एनओसी दिलाई, न रकम लौटाई
जमीन पर बैंक का बकाया होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने बैंक से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मांगा, लेकिन आरोपितों ने न तो एनओसी दिलवाई और न ही एडवांस रकम वापस की। इस संबंध में 9 जनवरी 2026 को कंपनी को औपचारिक पत्र भी भेजा गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
तीन गिरफ्तार, नौ फरार
पीड़ित की शिकायत पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि इस ठगी में कुल 12 से अधिक लोगों की संलिप्तता है, जिनमें से नौ आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों ने इससे पहले भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







